भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 टेस्ट की सीरीज का दूसरा मैच मेलबर्न में खेला जा रहा है। इस बॉक्सिंग-डे टेस्ट के तीसरे दिन टीम इंडिया ने पहली पारी में 326 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया टीम ने अपनी पहली पारी में 195 रन बनाए थे। इस लिहाज से भारत ने पहली पारी में 131 रन की बढ़त बना ली। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवा दिया। फिलहाल, मैथ्यू वेड और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। उमेश यादव ने ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। उन्होंने जो बर्न्स को 4 रन पर पवेलियन भेजा। विकेटकीपर ऋषभ पंत ने बर्न्स का कैच लिया।टीम इंडिया ने सीरीज के पहले टेस्ट की पहली पारी में भी बढ़त ली थी। इस लिहाज से भारत ने 35 साल पुराने एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। 1985-86 में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो टेस्ट की पारी में बढ़त बनाई थी। पहले एडिलेड टेस्ट ऑस्ट्रेलिया द्वारा बनाए गए 381 रन के जवाब में भारत ने 520 रन बनाए थे। जबकि मेलबर्न में खेले गए इसी सीरीज के दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के 262 के स्कोर के जवाब में 445 रन बनाए थे। हालांकि दोनों मैच ड्रॉ हुए थे।
पहली पारी में भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 223 बॉल पर सबसे ज्यादा 112 और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने 159 बॉल पर 57 रन बनाए। शुभमन गिल 45 रन की पारी खेलते हुए डेब्यू मैच में फिफ्टी से चूक गए। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। उनके अलावा पैट कमिंस और नाथन लियोन को 2-2 सफलता मिली।सीरीज के पहले टेस्ट की तरह इस मैच में भी भारत की पहली पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। मयंक अग्रवाल पारी के पहले ही ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद डेब्यू मैच खेल रहे शुभमन ने चेतेश्वर पुजारा के साथ 61 रन की पार्टनरशिप कर पारी को संभाला। यहां 64 रन पर टीम ने दो विकेट और गंवा दिए। शुभमन और पुजारा भी आउट हुए।
यहां से कप्तान रहाणे ने एक छोर को संभाले रखा। उन्होंने हनुमा विहारी के साथ चौथे विकेट के लिए 52 और ऋषभ पंत के साथ 5वें विकेट के लिए 57 रन की पार्टनरशिप की। इसके बाद रहाणे ने जडेजा के साथ छठवें विकेट के लिए सबसे जरूरी 245 बॉल पर 121 रन की पार्टनरशिप कर टीम का स्कोर 300+ तक पहुंचाया।तीसरे दिन टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 277 रन से आगे खेलना शुरू किया था। रहाणे और जडेजा ने शतकीय साझेदारी पूरी की, लेकिन एक रन लेने के चक्कर में रहाणे रनआउट हो गए। यह पारी का टर्निंग पॉइंट रहा। यहां से टीम संभल नहीं सकी। तीसरे दिन टीम इंडिया का स्कोर 293 रन पर 5 विकेट ही था। इसके बाद 32 रन बनाने में टीम ने 5 विकेट गंवा दिए।
रहाणे ने टेस्ट करियर की 12वीं सेंचुरी लगाई। वे अपने टेस्ट करियर में पहली बार रनआउट हुए। उन्होंने जडेजा के साथ छठवें विकेट के लिए 245 बॉल पर 121 रन की पार्टनरशिप की। जडेजा ने भी टेस्ट करियर की 15वीं फिफ्टी लगाई। ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर रहाणे का यह दूसरा शतक रहा। इससे पहले 2014 में बॉक्सिंग-डे टेस्ट में उन्होंने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर ही 147 रन की पारी खेली थी।रहाणे टेस्ट में सेंचुरी लगाने वाले 12वें भारतीय कप्तान हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में शतक लगाने वाले 5वें भारतीय कप्तान हैं। रहाणे ने MCG में 2 शतक लगाए हैं। वे ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय कप्तान हैं। इससे पहले पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने 1999/00 सीरीज में यह उपलब्धि हासिल की थी।
कप्तान | रन | ग्राउंड | साल |
मोहम्मद अजहरुद्दीन | 106 | एडिलेड | 1991/92 |
सचिन तेंदुलकर | 116 | मेलबर्न | 1999/00 |
सौरव गांगुली | 144 | गाबा | 2003/04 |
विराट कोहली | 115 और 141 | एडिलेड | 2014/15 |
विराट कोहली | 147 | सिडनी | 2014/15 |
विराट कोहली | 123 | पर्थ | 2018/19 |
अजिंक्य रहाणे | 104* | मेलबर्न | 2020/21 |
शुभमन ऑस्ट्रेलिया में डेब्यू कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय प्लेयर बने। डेब्यू मैच की पहली पारी में उन्होंने 45 रन बनाए। सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड मयंक अग्रवाल के नाम है। उन्होंने 2018-19 में 76 रन बनाए थे।
बैट्समैन | रन | उम्र | ग्राउंड | साल |
मयंक अग्रवाल | 76 | 27 | मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड | 2018 |
दत्तू फड़कर | 51 | 22 | सिडनी क्रिकेट ग्राउंड | 1947 |
शुभमन गिल | 45 | 21 | मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड | 2020 |